
रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
लखनऊ: डीसीपी पश्चिम विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देशन में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत ठाकुरगंज थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना प्रभारी ओमवीर सिंह चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मूसाबाग खंडहर के पास से दो शातिर गांजा विक्रेताओं को गिरफ्तार किया है।
डेढ़ किलो गांजे के साथ गिरफ्तार, एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुधीर यादव और आकाश यादव पुत्र सुमेर यादव, निवासी ग्राम बरी, के रूप में हुई है। दोनों सगे भाई हैं और इनके पास से पुलिस ने करीब डेढ़ किलो गांजा बरामद किया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पहले से दर्ज हैं आपराधिक मामले
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, दोनों आरोपियों के विरुद्ध पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज हैं। ये पहले भी मादक पदार्थों की बिक्री में लिप्त पाए जा चुके हैं।
पुलिस टीम को मिली सराहना
गिरफ्तारी को अंजाम देने वाली टीम में शामिल थे:
- थाना प्रभारी: ओमवीर सिंह चौहान
- गऊघाट चौकी प्रभारी उप निरीक्षक: सुधाकर पांडेय
- उप निरीक्षक: कुलदीप तिवारी
- आरक्षी: शैलेंद्र कुमार, बृजेश यादव, दीपनारायण, अमन कुमार
डीसीपी पश्चिम ने पुलिस टीम की तत्परता की सराहना की है और नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रखने के निर्देश दिए हैं।





