
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
लखनऊ: काकोरी और मानकनगर पुलिस ने ऑपरेशन ऑलआउट के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए ताजमहल के पास फायरिंग करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
यह गिरफ्तारी सख्त नाकाबंदी और संयुक्त कार्रवाई के तहत की गई। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक लाइसेंसी पिस्टल, कार, कारतूस और अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद किया है।
गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों के खिलाफ आगरा के ताजगंज थाना में पहले से मुकदमा दर्ज है। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने हाल ही में ताजमहल के पास फायरिंग कर माहौल बिगाड़ने की कोशिश की थी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ऑपरेशन ऑलआउट के तहत ऐसे अपराधियों की धरपकड़ तेज की गई है, जो शांति व्यवस्था को भंग करने की कोशिश कर रहे हैं। दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और उनके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।





