
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
लखनऊ के सरोजनी नगर थाना क्षेत्र में सोमवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में LLB के छात्र की मौत हो गई। मृतक की पहचान शोभित सिंह के रूप में हुई है। हादसा शाम करीब 6:30 बजे अमौसी मेट्रो स्टेशन के पास स्थित एक अंग्रेजी शराब की दुकान के पास हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह शोभित की बाइक को रौंदता हुआ उसके ऊपर से गुजर गया। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया।
गंभीर रूप से घायल शोभित को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सरोजनी नगर ले जाया गया, जहां प्राथमिक इलाज न मिलने पर परिजन उसे बिजनौर स्थित विनायक मेडिकल केयर अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
शोभित के भाई की शिकायत पर सरोजनी नगर थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और जल्द ही आरोपी चालक की गिरफ्तारी का दावा कर रही है।
यह हादसा न सिर्फ एक युवा की जान ले गया, बल्कि शहर की ट्रैफिक व्यवस्था और भारी वाहनों पर नियंत्रण की गंभीर स्थिति को भी उजागर कर गया।





