
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
लखनऊ: लखनऊ ट्रैफिक पुलिस ने एक बार फिर ईमानदारी और तत्परता का उदाहरण पेश किया है। आशुतोष सिंह, जो एयरपोर्ट जा रहे थे, उठरथिया के पास ऑटो में अपना कीमती बैग भूल गए। इस बैग में नकदी, पासपोर्ट, जरूरी दस्तावेज और अन्य महत्त्वपूर्ण सामान मौजूद था। उधर दुबई की फ्लाइट छूटने का खतरा और इधर बैग खो जाने की चिंता से आशुतोष पूरी तरह परेशान हो गए।
घबराए हुए आशुतोष सिंह ने तुरंत मौके पर तैनात ट्रैफिक सब इंस्पेक्टर (TSI) जयराज और हेड कांस्टेबल प्रशांत गंगवार से संपर्क किया। उन्होंने अपनी परेशानी और बैग गुम होने की जानकारी दी।
TSI जयराज और हेड कांस्टेबल प्रशांत गंगवार ने बिना वक्त गंवाए सीसीटीवी फुटेज की मदद ली और आसपास के ऑटो व टेंपो चालकों से संपर्क किया। कड़ी मशक्कत के बाद उन्होंने उस ऑटो चालक को ढूंढ निकाला, जिसमें आशुतोष सिंह सवार थे।
ऑटो का पता लगते ही बैग को बरामद किया गया, पूरी जांच-पड़ताल के बाद बैग को सुरक्षित रूप से आशुतोष सिंह को सौंप दिया गया। खोया हुआ पासपोर्ट, दस्तावेज और नकदी पाकर आशुतोष सिंह के चेहरे पर राहत और खुशी की झलक दिखी।
इसके बाद ट्रैफिक हेड कांस्टेबल प्रशांत गंगवार ने एक और ऑटो की व्यवस्था कर उन्हें एयरपोर्ट रवाना किया, ताकि उनकी यात्रा बिना रुकावट पूरी हो सके।
आशुतोष सिंह ने लखनऊ ट्रैफिक पुलिस और विशेष रूप से TSI जयराज व हेड कांस्टेबल प्रशांत गंगवार का आभार व्यक्त किया, जिनकी सतर्कता और कर्तव्यनिष्ठा ने उन्हें समय पर राहत पहुंचाई।
लखनऊ पुलिस की यह तत्परता और ईमानदारी समाज के लिए एक प्रेरणा है।





