
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
लखनऊ: मोहर्रम के पहले जुलूस को लेकर पुराने लखनऊ में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। जुलूस के दौरान किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है।
बड़े इमामबाड़े से लेकर टीले वाली मस्जिद तक सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है। पूरे रास्ते पर पुलिस का सख्त पहरा है और संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखी जा रही है।
डीसीपी वेस्ट विश्वजीत श्रीवास्तव समेत कई आला अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। उनके साथ कई डीसीपी, एसीपी और थानों की फोर्स भी तैनात है।
पुलिस के साथ PAC और RRF की टीमें भी सुरक्षा व्यवस्था में लगाई गई हैं। क्षेत्र में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है, जिससे शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखी जा सके।

सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए ड्रोन के जरिए निगरानी की जा रही है। पुलिस प्रशासन लगातार इलाके पर नजर बनाए हुए है, ताकि कोई भी असामाजिक तत्व माहौल बिगाड़ने की कोशिश न कर सके।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे शांति बनाए रखें और सहयोग करें, जिससे मोहर्रम का यह पवित्र अवसर शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हो सके।





