
- वरिष्ठ संवाददाता: राजीव आनन्द
लखनऊ – राष्ट्रीय लोकदल (RLD) के राष्ट्रीय सचिव अनुपम मिश्र ने समाजवादी पार्टी (सपा) पर कड़ा हमला करते हुए कहा कि पार्टी का ब्राह्मण विरोधी चेहरा एक बार फिर उजागर हो गया है।
अनुपम मिश्र ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी छल-कपट और भ्रम फैलाने की राजनीति करती है। उन्होंने कहा कि सपा ने पहले झूठा नैरेटिव गढ़ा कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) ब्राह्मण विरोधी है, ताकि इस बहाने ब्राह्मण वोट बैंक को अपने पक्ष में मोड़ा जा सके।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने पांडे और मिश्रा जैसे उपनाम वाले नेताओं को आगे करके ब्राह्मण समाज को गुमराह किया और उनकी आस्था से खिलवाड़ किया।
अनुपम मिश्र ने याद दिलाया कि सपा ने भगवान परशुराम जी की 108 फीट ऊँची प्रतिमा, एक विशाल उद्यान और शोध व शिक्षण संस्थान बनाने की घोषणा की थी, जो अक्टूबर 2022 तक पूरा होने का वादा किया गया था। लेकिन अब अक्टूबर 2025 आने वाला है, और न कोई प्रतिमा दिखी, न उद्यान, न संस्थान।
उन्होंने तीखा सवाल करते हुए कहा, “समाजवादी पार्टी बताए – 108 फीट ऊँची प्रतिमा कहाँ है? वादा किया गया उद्यान और शोध संस्थान कहाँ हैं?”
अनुपम मिश्र ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी ने एक बार फिर ब्राह्मण समाज के विश्वास के साथ धोखा किया है और यह सब राजनीतिक लाभ के लिए किया गया छल है।





