
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
लखनऊ: राजधानी लखनऊ में एक बेहद गंभीर और शर्मनाक घटना सामने आई है। सुदर्शन न्यूज़ चैनल के राज्य मुख्यालय मान्यता प्राप्त छायाकार (कैमरामैन) सुशील अवस्थी को मंगलवार शाम उनके घर से धोखे से बुलाया गया और फिर कुछ लोगों ने उन्हें गाड़ी में बैठाकर बुरी तरह पीटा। हमलावरों ने जान से मारने की नीयत से इतना मारा कि सुशील मरणासन्न हालत में पहुंच गए। इसके बाद हमलावर उन्हें घर के पास फेंककर चले गए और जाते-जाते खुली धमकी दी – “अगर दोबारा सोशल मीडिया पर हमारे नेता के खिलाफ कुछ भी लिखा या बोला तो अगली बार जान से मार देंगे।”
यह दिल दहला देने वाली घटना लखनऊ के मानक नगर थाना क्षेत्र की है। सुशील अवस्थी के साथ हुई इस बर्बर पिटाई का वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं, जिससे पत्रकार जगत में भारी आक्रोश है।
पत्रकारों ने एक स्वर में मांग की है कि इस जघन्य अपराध के दोषियों को तुरंत गिरफ्तार कर सबसे कड़ी सजा दी जाए। साथ ही सभी पत्रकार संगठनों से अपील की जा रही है कि एकजुट होकर जल्द से जल्द लखनऊ में एकत्रित हों और डीजीपी-प्रमुख सचिव गृह से मिलकर इस मामले में त्वरित एवं सख्त कार्रवाई सुनिश्चित कराएं।
मामला बेहद गंभीर है क्योंकि यह केवल एक व्यक्ति पर हमला नहीं, बल्कि अभिव्यक्ति की आजादी और पत्रकार सुरक्षा पर सीधा हमला है। पुलिस से उम्मीद की जा रही है कि बिना किसी दबाव के निष्पक्ष जांच कर दोषियों को शीघ्र सलाखों के पीछे पहुंचाए।




