
- वरिष्ठ संवाददाता: राजीव आनन्द
लखनऊ: लखनऊ विश्वविद्यालय के गेट नंबर 3 पर छात्रों ने भारत-पाकिस्तान के बीच 14 सितंबर को होने वाले एशिया कप मैच को लेकर अपना गुस्सा जाहिर किया। छात्रों ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) का पुतला फूंककर अपनी नाराजगी व्यक्त की। यह विरोध हाल ही में पहलगाम में हुई 26 लोगों की मौत को लेकर उबल रहे आक्रोश का परिणाम था।
छात्रों का कहना था कि पहलगाम की घटना का दर्द अभी भी उनके दिलों में ताजा है। एक छात्र ने भावुक होकर कहा, “मेरी रगों में अभी भी गर्म सिंदूर दौड़ रहा है।” छात्रों ने बीसीसीआई पर सवाल उठाते हुए कहा कि ऐसे समय में पाकिस्तान के साथ क्रिकेट मैच खेलना उचित नहीं है।
यह प्रदर्शन लखनऊ विश्वविद्यालय के परिसर में आयोजित किया गया, जहां छात्रों ने एकजुट होकर बीसीसीआई के खिलाफ नारेबाजी की और पुतला दहन कर अपनी भावनाओं को व्यक्त किया। यह घटना भारत-पाकिस्तान क्रिकेट मैचों के प्रति संवेदनशीलता और सियासी विवाद को फिर से उजागर करती है।




