
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
लखनऊ: राजधानी लखनऊ में मंगलवार सुबह एक छात्रा के साथ छेड़खानी की शर्मनाक घटना सामने आई है। घटना उस वक्त हुई जब छात्रा सुबह 8:30 बजे कोचिंग के लिए निकली थी।
पीड़िता के अनुसार, रास्ते में एक युवक ने उसे कार में लिफ्ट देने के बहाने बैठाया और उसके साथ जबरदस्ती की कोशिश की। छात्रा ने विरोध करते हुए कार से उतरने की मांग की, जिसके बाद युवक ने उसे रास्ते में ही उतार दिया।
छात्रा जब घर पहुंची, तो उसने पूरी घटना परिजनों को बताई, जिसके बाद परिजन उसे लेकर सरोजिनी नगर थाने पहुंचे और आरोपी युवक के खिलाफ तहरीर दी।
हालांकि, पुलिस के अनुसार परिजनों ने शिकायत दर्ज कराने के बाद आगे की कार्रवाई से इनकार कर दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।





