
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
लखनऊ, 10 जुलाई: श्री गुरु सिंह सभा गुरुद्वारा नाका हिंडोला द्वारा आज यूपी प्रेस क्लब, लखनऊ में एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। यह वार्ता श्री गुरु तेग बहादुर साहब जी के 350वें शहीदी पर्व को समर्पित एक विशेष यात्रा के आयोजन को लेकर की गई।
मनमोहन सिंह हैप्पी ने जानकारी देते हुए बताया कि यह आयोजन गुरुद्वारा नाका हिंडोला के अध्यक्ष डॉ. अमरजोत सिंह और उनकी टीम के संयोजन में किया जा रहा है। यह ऐतिहासिक यात्रा 12 जुलाई को सुबह 8:30 बजे गुरुद्वारा नाका हिंडोला से आरंभ होगी और मुख्यमंत्री आवास पहुंचेगी, जहां श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की हजूरी में शबद कीर्तन, कथा विचार एवं लंगर सेवा का आयोजन होगा।
इसके पश्चात माननीय मुख्यमंत्री द्वारा पुष्प वर्षा कर इस यात्रा को दिल्ली के लिए रवाना किया जाएगा।
यात्रा संयोजक सरदार परविंदर सिंह, जो अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य हैं, की अगुवाई में यह यात्रा लखनऊ से निकलकर कानपुर, इटावा, आगरा होते हुए दिल्ली पहुंचेगी। यात्रा का समापन दिल्ली स्थित गुरुद्वारा शीशगंज साहिब, चांदनी चौक में किया जाएगा। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर संगत द्वारा यात्रा का स्वागत किया जाएगा।
दिल्ली पहुंचने पर दिल्ली सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी के अध्यक्ष हरमीत सिंह कालका एवं मनजिंदर सिंह सिरसा द्वारा यात्रियों का स्वागत किया जाएगा।
इस विशेष आयोजन में हरमिंदर सिंह टीटू, मनमीत सिंह, दलजीत सिंह, देवेंद्र पाल सिंह, जसप्रीत सिंह सलूजा, आजापाल सिंह और जसपाल सिंह विशेष रूप से मौजूद रहेंगे।





