
- वरिष्ठ संवाददाता: राजीव आनन्द
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर एक निजी पत्रिका में की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी से नाराज सपा छात्र सभा के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने बुधवार को हजरतगंज चौराहे पर जोरदार प्रदर्शन किया।

नारेबाजी करते हुए कार्यकर्ताओं ने उस निजी पत्रिका की प्रतियां जलाकर अपना आक्रोश जताया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि पत्रिका ने अखिलेश यादव के खिलाफ असंसदीय और अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया है, जो बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

प्रदर्शन के दौरान यातायात कुछ देर प्रभावित रहा। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी प्रदर्शनकारी कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर इको गार्डन थाने ले गई। बाद में उन्हें चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।

सपा छात्र सभा के नेताओं ने चेतावनी दी है कि अगर पत्रिका ने माफी नहीं मांगी तो आगे और बड़ा आंदोलन किया जाएगा।




