
- रिपोर्ट: ज्ञानेश वर्मा
लखनऊ: उत्तर प्रदेश को नया मुख्य सचिव मिल गया है। 1989 बैच के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी शशि प्रकाश गोयल को राज्य का मुख्य सचिव नियुक्त किया गया है। वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बेहद करीबी और भरोसेमंद अधिकारियों में गिने जाते हैं।
अब तक एडिशनल चीफ सेक्रेटरी, मुख्यमंत्री कार्यालय के पद पर कार्यरत गोयल को लंबे समय से मुख्यमंत्री कार्यालय की कमान संभालने वाला प्रमुख चेहरा माना जाता रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यकाल की शुरुआत से ही वे प्रमुख रणनीतिक फैसलों और प्रशासनिक कामकाज में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
शशि प्रकाश गोयल को एक शांत, गंभीर और कर्मठ अधिकारी के रूप में जाना जाता है, जो बिना चर्चा में आए अपने कार्यों से परिणाम देने में विश्वास रखते हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें यह अहम जिम्मेदारी सौंपकर प्रशासनिक स्तर पर एक बार फिर यह स्पष्ट कर दिया है कि कर्मठता और निष्ठा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।
राज्य के प्रशासनिक ढांचे में गोयल की नई भूमिका से सुशासन और नीतिगत क्रियान्वयन को और मजबूती मिलने की उम्मीद की जा रही है।





