
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
लखनऊ: गोमती नदी के किनारे स्थित संकल्प वाटिका के पास मंगलवार देर रात एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर एक घर में जा घुसी, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। हादसे के वक्त गाड़ी में तीन युवक और एक युवती सवार थे, जो प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नशे में चूर थे।
स्कॉर्पियो के डैशबोर्ड पर बियर की बोतल रखी मिली है। साथ ही, गाड़ी पर बीजेपी ब्लॉक प्रमुख का स्टीकर भी चस्पा था। कार उत्तराखंड नंबर की है, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि आरोपी उसी राज्य से संबंधित हैं।
हादसे में घर के अंदर मौजूद दो लोगों को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि स्कॉर्पियो में सवार एक युवक को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे के बाद एक युवती और दो युवक मौके से फरार हो गए। पुलिस ने वाहन को कब्जे में ले लिया है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
स्थानीय लोगों ने पुलिस से मांग की है कि मामले की निर्दोषों को न्याय दिलाने के लिए गहन जांच की जाए और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई हो।





