
- वरिष्ठ संवाददाता: राजीव आनन्द
लखनऊ: सरोजनीनगर थाना पुलिस ने एक अंतर्राज्यीय साइबर ठग गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। ये ठग फर्जी वेबसाइट बनाकर लोगों को क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने और बीमा जैसी स्कीमों का झांसा देकर लाखों की ठगी करते थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल लखेड़ा और विकास कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को दिल्ली से गिरफ्तार किया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि राहुल लखेड़ा पूर्व में हरियाणा के सूरजकुंड थाना क्षेत्र में हत्या के एक मामले में जेल जा चुका है।
पुलिस ने इनके पास से 25 मोबाइल फोन, 24 सिम कार्ड, 1 लैपटॉप और ₹41,250 नकद बरामद किए हैं।
इस बड़ी सफलता पर डीसीपी दक्षिण निपुण अग्रवाल ने गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम को ₹25,000 के इनाम की घोषणा की है। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और इनके नेटवर्क की जांच में जुट गई है।





