
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
लखनऊ—राजधानी में अवैध निर्माण के खिलाफ सख्त नियमों और निर्देशों के बावजूद लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) के जोन-5 में अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। मामला फैजाबाद रोड स्थित होटल दीप इन के बगल में चल रहे एक निर्माण कार्य से जुड़ा है, जिसे लेकर अधिकारियों की भूमिका पर सवाल खड़े किए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, संबंधित निर्माण को पूर्व में तैनात अवर अभियंता भारत पांडेय द्वारा 8 मई 2025 को सील किया गया था। सीलिंग के बाद कुछ समय तक निर्माण गतिविधि रुकी रही। आरोप है कि जोन-5 में सहायक अभियंता के रूप में संजय शुक्ला के कार्यभार संभालने के बाद परिस्थितियां बदल गईं। इसी दौरान अवर अभियंता भारत पांडेय का तबादला कर दिया गया और नए अवर अभियंता की तैनाती हुई।
आरोप है कि इसके बाद निर्माण कार्य दोबारा तेज़ी से शुरू हो गया और अब यह लगभग पूरा होने की स्थिति में है। स्थानीय स्तर पर यह भी कहा जा रहा है कि इस दौरान एलडीए के संबंधित अधिकारी मूकदर्शक बने रहे और नियमों के कथित उल्लंघन पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
इस पूरे मामले को लेकर सहायक अभियंता संजय शुक्ला की भूमिका पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। आरोपों के अनुसार, अवैध निर्माण को रोकने के बजाय कार्य को अनदेखा किया गया, जिससे नियमों की धज्जियां उड़ने की बात कही जा रही है।
हालांकि, इस संबंध में एलडीए प्रशासन या संबंधित अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। अब देखना होगा कि शिकायतों और आरोपों के बाद प्राधिकरण इस मामले में क्या कदम उठाता है।




