
- वरिष्ठ संवाददाता: राजीव आनन्द
लखनऊ: पंजाब में आई भीषण बाढ़ आपदा से प्रभावित लोगों की सहायता के लिए राष्ट्रीय लोकदल (आरएलडी) उत्तर प्रदेश मुख्यालय से राहत सामग्री भेजने की तैयारी कर रहा है। इस पहल के तहत पार्टी पीड़ित परिवारों तक आवश्यक सहायता पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रामाशीष राय ने इस कार्य के लिए एक पांच सदस्यीय राहत समिति का गठन किया है, जो राहत सामग्री के संकलन, प्रेषण और वितरण का कार्य देखेगी। प्रदेश मीडिया प्रभारी मयंक त्रिवेदी ने बताया कि समिति में व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष रोहित अग्रवाल, प्रदेश उपाध्यक्ष वसीम हैदर, आदित्य विक्रम सिंह, रजनीकांत मिश्रा और तराई क्षेत्र के अध्यक्ष पी.के. पाठक शामिल हैं। समिति के संयोजक पी.के. पाठक होंगे, जो पंजाब के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों का समन्वय करेंगे।
डॉ. रामाशीष राय ने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल हमेशा से आपदा की घड़ी में पीड़ितों के साथ खड़ा रहा है और भविष्य में भी अपनी जिम्मेदारी निभाता रहेगा। उन्होंने बताया कि पंजाब के प्रभावित परिवारों तक जल्द से जल्द भोजन, दवाइयाँ, कपड़े और अन्य आवश्यक सामग्री पहुंचाई जाएगी।
समिति ने राहत सामग्री के संकलन का कार्य शुरू कर दिया है और जल्द ही इसे पंजाब के प्रभावित क्षेत्रों में भेजा जाएगा। पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों से भी इस नेक कार्य में सहयोग की अपील की गई है।





