
- रिपोर्ट: स्निग्धा श्रीवास्तव
लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस के एक अधिकारी ने शनिवार को बताया कि राजधानी लखनऊ में एक रेस्तरां के बाहर अज्ञात हमलावरों ने एक सेवानिवृत्त वायुसेना अधिकारी को कथित तौर पर गोली मार दी। घायल अधिकारी को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
पीड़ित की पहचान अवधेश कुमार पाठक के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, यह घटना 30 जनवरी की रात करीब 10:30 बजे की है, जब अवधेश कुमार पाठक रेस्तरां से निकलकर अपनी कार की ओर जा रहे थे। इसी दौरान अज्ञात बदमाशों ने उन पर फायरिंग कर दी, जिसमें वह घायल हो गए।
दक्षिण पुलिस उपायुक्त निपुण अग्रवाल ने बताया कि पीड़ित की पत्नी की शिकायत के आधार पर सुशांत गोल्फ सिटी थाने में प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज कर ली गई है। उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और हमलावरों की तलाश जारी है।
पुलिस के मुताबिक, अवधेश कुमार पाठक वर्तमान में सुशांत गोल्फ सिटी के अंशाल चौकी क्षेत्र में एक क्लाउड किचन का संचालन करते हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर बनी हुई है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।





