
- वरिष्ठ संवाददाता: राजीव आनन्द
लखनऊ के सरोजिनी नगर क्षेत्र के अनौरा गांव में जल निगम और ठेकेदार की मिलीभगत ने आम जनता की जान को खतरे में डाल दिया है। “हर घर जल योजना” के तहत पानी की पाइपलाइन डालने के लिए पक्की सड़क को खोदा गया, लेकिन मरम्मत न होने से सड़क अब दलदल में तब्दील हो चुकी है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि जल निगम के ठेकेदार ने पाइप डालने के बाद सड़क की मरम्मत नहीं कराई, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। बारिश के मौसम में स्थिति और खराब हो गई है—सड़क पर कीचड़ और गड्ढों की भरमार है।
गुरुवार को एक बड़ा हादसा उस समय टल गया जब ड्राइवर रोहित स्कूली बच्चों को वैन से लेकर जा रहा था। रास्ते में उसकी गाड़ी जल निगम द्वारा खोदे गए गड्ढे में फंस गई। बच्चों में चीख-पुकार मच गई, लेकिन ड्राइवर की सूझबूझ से गाड़ी पलटने से बच गई और उसने सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला।
स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। उनका कहना है कि इस लापरवाही के लिए जल निगम और ठेकेदार सीधे जिम्मेदार हैं। कई वाहन आए दिन उसी दलदल में फंस रहे हैं, जिससे बड़ी दुर्घटनाओं की आशंका बनी हुई है।
अब सवाल यह है कि क्या अधिकारी इस मामले का संज्ञान लेंगे? और दोषी ठेकेदार पर कोई कार्रवाई होगी या फिर यह मामला भी फाइलों में दफ्न हो जाएगा?





