
- वरिष्ठ संवाददाता: राजीव आनन्द
लखनऊ: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री प्रोफेसर अभिषेक मिश्रा ने उत्तर प्रदेश में चल रही पीडीए पाठशाला को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भाजपा को पीडीए पाठशाला से सबसे ज्यादा परेशानी इस बात की है कि इसके माध्यम से पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्गों में शिक्षा की अलख जगाई जा रही है।
प्रो. मिश्रा ने आरोप लगाया कि भाजपा नहीं चाहती कि यह वर्ग शिक्षित हो, क्योंकि अगर ये लोग पढ़ेंगे तो वे सवाल पूछने लगेंगे। उन्होंने कहा, “पीडीए पाठशाला के जरिए हम शिक्षा को वंचित वर्गों तक पहुंचा रहे हैं, जो भारतीय जनता पार्टी को रास नहीं आ रहा है। भाजपा की राजनीति ही अज्ञानता और डर पर टिकी है।”
गौरतलब है कि पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) पाठशाला समाजवादी पार्टी की एक पहल है, जिसके तहत इन वर्गों को राजनीतिक जागरूकता और शैक्षणिक जानकारी दी जा रही है।
प्रदेश में इस मुद्दे पर सियासी घमासान तेज होता जा रहा है। भाजपा जहां इसे सियासी नौटंकी बता रही है, वहीं सपा इसे सामाजिक न्याय और समता की दिशा में एक अहम कदम बता रही है।





