
- रिपोर्ट: राजीव आनन्द
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के ADG कानून-व्यवस्था अमिताभ यश ने आज एक अहम प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी दी कि राज्य की एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) ने धर्मांतरण से जुड़े मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी छांगुर बाबा और उसकी सहयोगी नीतू उर्फ नसरीन को 7 दिन की रिमांड पर लिया है।
ADG ने बताया कि दोनों से उनके गिरोह के नेटवर्क, फंडिंग के स्रोत, पैसों के लेन-देन और अवैध संपत्तियों को लेकर गहन पूछताछ की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि इनकी अवैध संपत्तियों को जब्त करने और ध्वस्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
15 साल से सक्रिय था धर्मांतरण गिरोह
प्रेस कॉन्फ्रेंस में खुलासा हुआ कि यह गिरोह पिछले 15 वर्षों से संगठित तरीके से धर्मांतरण का काम कर रहा था। अब तक जिन लोगों के खिलाफ पर्याप्त सबूत मिले हैं, उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।
इस केस में एक अन्य नाम मोहम्मद अहमद का भी सामने आया है, जिसकी जांच ATS द्वारा की जा रही है। गिरोह की गतिविधियों और सहयोगियों को लेकर जांच का दायरा लगातार बढ़ाया जा रहा है।
ईडी ने भी मांगी FIR
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने भी उत्तर प्रदेश ATS से इस मामले की प्राथमिकी (FIR) मांगी है, ताकि मनी लॉन्ड्रिंग और अवैध संपत्तियों के एंगल से जांच आगे बढ़ाई जा सके।
ADG अमिताभ यश ने स्पष्ट किया कि राज्य में अवैध गतिविधियों और जबरन धर्मांतरण जैसे मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है, और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।





