
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
लखनऊ: बाजारखाला क्षेत्र की एक महिला ने ऑनलाइन क्विक डिलीवरी ऐप ब्लिंकिट से “इगोज एवरी डे व्हाइट प्रोटीन रिच एग्स” नाम से अंडों का ऑर्डर किया था। लेकिन जब पैकेट खोला गया, तो अंडों को तोड़ने पर अंदर से प्लास्टिक का टुकड़ा निकला। यह खुलासा होते ही पूरे परिवार में दहशत फैल गई, क्योंकि अगर इन्हें खा लिया जाता तो जान का खतरा हो सकता था।
घटना के बाद महिला ने तुरंत वीडियो बनाकर इसकी सच्चाई उजागर की। वायरल हो रहे इस वीडियो में साफ दिख रहा है कि ब्लिंकिट के ब्रांडेड पैकेजिंग वाले अंडे नकली थे। अंडे तोड़ते ही अंदर प्लास्टिक का मटेरियल बाहर आ गया, जो देखने में असली जर्दी जैसा लग रहा था। महिला ने बताया कि ऑर्डर की पूरी डिटेल ऐप पर मौजूद है, लेकिन अब उनके पैसे डूब चुके हैं।
खाने-पीने की चीजों में ऐसी मिलावट से उपभोक्ताओं में भय का माहौल है। विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसे नकली अंडे प्लास्टिक और केमिकल से बनाए जाते हैं, जो स्वास्थ्य के लिए घातक साबित हो सकते हैं। महिला ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर अन्य लोगों को सतर्क रहने की चेतावनी दी है।

ब्लिंकिट कंपनी से अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन मामला वायरल होने के बाद जांच की मांग तेज हो गई है। उपभोक्ता संरक्षण एजेंसियां भी इसकी निगरानी कर रही हैं। यह घटना ऑनलाइन शॉपिंग ऐप्स की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े कर रही है।



