
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) के ज़ोन-4 में अवैध निर्माणों का खुला खेल लगातार जारी है। प्राधिकरण के उपाध्यक्ष और मंडलायुक्त द्वारा बार-बार नाराजगी जताए जाने के बावजूद प्रवर्तन विभाग के सहायक अभियंता और अवर अभियंता हेमंत कुमार पर मनमानी करने और अवैध निर्माणों को संरक्षण देने के गंभीर आरोप लग रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार, ज़ोन-4 बिल्डरों के लिए “स्वर्ग” जैसा बन गया है, जहां बिना रोक-टोक नियमों को ताक पर रखकर निर्माण कराया जा रहा है। वहीं LDA के कई अधिकारी भी चुप्पी साधे हुए हैं और कथित रूप से इस खेल में अपनी हिस्सेदारी सुनिश्चित कर रहे हैं।
सेक्टर J में नियमों के विरुद्ध बड़ा निर्माण
ताज़ा मामला सेक्टर J के C/5 में स्थित श्री सिद्धि विनायक हॉस्पिटल के पास का है, जहाँ बड़े पैमाने पर बेसमेंट खोदकर आवासीय क्षेत्र में व्यावसायिक निर्माण कराया जा रहा है। यह निर्माण नियमों और मानकों के विरुद्ध है, और सूत्रों का दावा है कि यह सब अवर अभियंता हेमंत कुमार के संरक्षण में किया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि LDA उपाध्यक्ष और प्रदेश के मुख्यमंत्री के अवैध निर्माणों पर कड़े निर्देशों के बावजूद हेमंत कुमार खुलेआम आदेशों की धज्जियाँ उड़ा रहे हैं और इससे भारी कमाई हो रही है।
जांच की मांग तेज
लगातार बढ़ रहे अवैध निर्माणों और अधिकारियों की मिलीभगत को देखते हुए क्षेत्र के लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि उच्चस्तरीय जांच न हुई तो ज़ोन-4 में अवैध निर्माण का यह नेटवर्क और भी मजबूत होता जाएगा।
(सूत्रों का कहना है कि इस मामले में और भी बड़े खुलासे सामने आ सकते हैं।)


