
- वरिष्ठ संवाददाता: राजीव आनन्द
लखनऊ में लगातार बढ़ रही ट्रैफिक जाम की समस्या और अवैध पार्किंग की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए ट्रैफिक पुलिस ने सख्त एक्शन शुरू कर दिया है। डीसीपी ट्रैफिक के निर्देश पर ट्रैफिक इंस्पेक्टर (TI) दिवेश शाही के नेतृत्व में सोमवार को विशेष अभियान चलाया गया।
यह अभियान बुद्धेश्वर चौराहा, दुबग्गा चौराहा और आसपास के इलाकों में संचालित किया गया। अभियान के दौरान सड़क किनारे और सार्वजनिक स्थलों पर अवैध रूप से खड़े कई वाहनों को हटवाया गया, जबकि 4 गाड़ियों को मौके से जब्त कर लिया गया।

TI दिवेश शाही ने बताया कि अनाधिकृत पार्किंग और अवैध वाहन स्टैंड न सिर्फ यातायात व्यवस्था को बाधित करते हैं, बल्कि आम लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।



