
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
लखनऊ: उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग के लिए एक बड़ी राहतभरी खबर सामने आई है। पुलिस महानिदेशक (DGP) राजीव कृष्ण ने घोषणा की है कि अब पुलिसकर्मियों को साप्ताहिक अवकाश मिल सकेगा। उन्होंने बताया कि बड़ी संख्या में नए आरक्षियों की भर्ती से अब बल की कमी दूर हो गई है, जिससे यह व्यवस्था संभव हो पाई है।
डीजीपी राजीव कृष्ण ने कहा कि अब तक फोर्स की भारी कमी के कारण पुलिस वेलफेयर पर ध्यान नहीं दिया जा पा रहा था, लेकिन अब समय आ गया है कि पुलिसकर्मियों के हितों पर भी काम हो।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि लंबे समय से लंबित साप्ताहिक अवकाश की मांग पर अब निर्णय हो चुका है और यह सुविधा जल्द ही लागू की जाएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि इस कदम से पुलिसकर्मी मानसिक रूप से स्वस्थ और अधिक दक्षता के साथ अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था के कार्यों को अंजाम दे सकेंगे।
डीजीपी ने यह जानकारी सुल्तानपुर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान दी। उन्होंने बताया कि वे वाराणसी में केंद्रीय गृह मंत्री और मुख्यमंत्री के साथ उच्च स्तरीय बैठक में शामिल होने के बाद लौटते समय रास्ते में पड़ने वाले जिलों का निरीक्षण कर रहे हैं, ताकि जमीनी स्तर पर कानून व्यवस्था की वास्तविक स्थिति का आकलन किया जा सके।
यह निर्णय उत्तर प्रदेश पुलिस के लिए न सिर्फ एक सकारात्मक बदलाव का संकेत है, बल्कि पुलिसकर्मियों के मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल भी है।





