
- वरिष्ठ संवाददाता: राजीव आनन्द
लखनऊ: एनसीसी अखिल भारतीय नौसैनिक कैंप से पहले आयोजित इंटर-ग्रुप प्रतियोगिता में लखनऊ ग्रुप ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 9 में से 7 प्रतिस्पर्धाओं में पहला स्थान प्राप्त किया है। यह सफलता यूपी नेवल यूनिट एनसीसी, लखनऊ द्वारा किए गए समर्पित प्रशिक्षण का परिणाम है, जिसमें जनवरी 2025 से कैडेटों को सर्विस सब्जेक्ट, ड्रिल, सैमाफोर, बोट पुलिंग, रिगिंग, तैराकी, सीमैनशिप प्रैक्टिकल और शिप मॉडलिंग जैसी प्रतियोगिताओं के लिए विशेष रूप से तैयार किया गया।
इस अभूतपूर्व उपलब्धि के उपलक्ष्य में हाल ही में एनसीसी ग्रुप मुख्यालय, लखनऊ में एक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर पुनीत श्रीवास्तव ने सभी विजेता कैडेटों को सम्मानित किया और उनके अनुशासन, समर्पण और कड़ी मेहनत की सराहना की।
ब्रिगेडियर श्रीवास्तव ने अपने संबोधन में कहा, “यह सफलता 3 यूपी नेवल यूनिट के अधिकारियों, प्रशिक्षण स्टाफ और कैडेटों के सामूहिक प्रयासों का नतीजा है। यह उपलब्धि न केवल यूनिट के लिए बल्कि पूरे लखनऊ ग्रुप के लिए गर्व और प्रेरणा का स्रोत है।”
समारोह में 3 यूपी नेवल एनसीसी और 66 यूपी एनसीसी बटालियन, रायबरेली के उप कमांडर, प्रशिक्षण अधिकारी और कमान अधिकारी भी उपस्थित रहे। उन्होंने सभी कैडेटों को सितंबर में लोनावला में होने वाले अखिल भारतीय नौसैनिक कैंप के लिए शुभकामनाएं दीं और कहा कि “यह सिर्फ शुरुआत है, हमारा लक्ष्य राष्ट्रीय स्तर पर और भी बेहतर प्रदर्शन करना है।”
लखनऊ ग्रुप की यह सफलता एनसीसी के प्रति युवाओं के उत्साह, प्रशिक्षण की गुणवत्ता और टीम वर्क की उत्कृष्ट मिसाल पेश करती है।





