लखनऊ: श्रीरामस्वरूप यूनिवर्सिटी में छात्रों पर लाठीचार्ज को लेकर राष्ट्रवादी युवा अधिकार मंच का फूटा आक्रोश, अध्यक्ष शशांक शेखर सिंह ने की निष्पक्ष जांच की मांग

- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
लखनऊ: श्रीरामस्वरूप मेमोरियल यूनिवर्सिटी में आंदोलन कर रहे छात्रों पर हुए पुलिस लाठीचार्ज को लेकर राष्ट्रवादी युवा अधिकार मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष शशांक शेखर सिंह ‘पुष्कर’ ने गहरा आक्रोश व्यक्त किया है।
उन्होंने कहा कि लगभग 20 दिनों से शांतिपूर्ण ढंग से आंदोलन कर रहे छात्रों की समस्याओं को सुलझाने के बजाय शासन-प्रशासन अपराधियों की तरह बर्ताव कर रहा है, जो निंदनीय है। उन्होंने कहा कि छात्रों पर बर्बर लाठीचार्ज से ऐसा प्रतीत हो रहा है मानो वे छात्र नहीं, आतंकवादी हों।
शशांक पुष्कर ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मांग की कि इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों, अन्यथा छात्र और युवा ही सरकार के ताबूत की अंतिम कील साबित होंगे।
उन्होंने कहा कि सरकार को पूंजीपतियों के हित नहीं, बल्कि छात्रों और युवाओं के संवैधानिक और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा करनी चाहिए। इसके लिए जरूरी है कि एक पारदर्शी और निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषी पुलिसकर्मियों को तत्काल पदमुक्त किया जाए।
शशांक ने यह भी कहा कि राष्ट्रवादी युवा अधिकार मंच हमेशा छात्रों, बेरोजगारों और युवाओं के अधिकार, सम्मान और संरक्षण के लिए संघर्ष करता रहा है।
उन्होंने चेतावनी दी कि अगर छात्रों के साथ अन्याय और उत्पीड़न बंद नहीं हुआ, तो प्रदेश का युवा सड़कों पर उतरने के लिए बाध्य होगा।
साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि स्थानीय पुलिस ने पूंजीपतियों के दबाव में आकर लाठीचार्ज किया, जिसके लिए पुलिस कप्तान पूरी तरह जिम्मेदार हैं। शशांक ने मुख्यमंत्री से मांग की कि गठित जांच समिति निष्पक्षता से कार्य करे और दोषियों को सख्त सज़ा दी जाए।





