
- वरिष्ठ संवाददाता: राजीव आनन्द
लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजनीति में हलचल उस समय बढ़ गई जब निषाद पार्टी के अध्यक्ष और यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री संजय निषाद ने गठबंधन तोड़ने का संकेत देते हुए बयान दिया।
बयान के बाद राजनीतिक माहौल गर्म था और इसी बीच डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने संजय निषाद को अपने आवास पर बैठक के लिए आमंत्रित किया। यह मुलाकात बयान के बाद दोनों नेताओं की पहली मुलाकात थी।
संजय निषाद ने कुछ दिन पहले सार्वजनिक रूप से गठबंधन में उपेक्षा की बात कहकर असंतोष जाहिर किया था, जिससे अटकलें लगाई जा रही थीं कि निषाद पार्टी एनडीए से दूरी बना सकती है।
हालांकि, इस मुलाकात के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि विवाद सुलझाने की कोशिश शुरू हो गई है, लेकिन सरकार या निषाद पार्टी की ओर से अब तक इस पर कोई औपचारिक बयान सामने नहीं आया है।
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, यह मुलाकात गठबंधन को संभालने की रणनीति का हिस्सा हो सकती है।





