
वरिष्ठ संवाददाता: राजीव आनन्द
लखनऊ। ऐशबाग रेलवे स्टेशन पर मंगलवार दोपहर एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया, जब छपरा-मथुरा एक्सप्रेस ट्रेन का लाइट इंजन शंटिंग के दौरान पटरी से उतर गया।
जानकारी के अनुसार, यह घटना दोपहर 2:03 बजे हुई, जब ट्रेन का इंजन तेज गति से यार्ड में शंटिंग कर रहा था। तेज रफ्तार के चलते इंजन स्टॉपर को तोड़ता हुआ ओवरहेड इलेक्ट्रिक (OHE) खंभे से जा टकराया, जिससे OHE खंभा टूट गया और यार्ड रूट बाधित हो गया।
घटना के बाद छपरा-मथुरा एक्सप्रेस को ढाई घंटे तक गोमतीनगर स्टेशन पर रोके रखा गया, जिससे यात्रियों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा। करीब डेढ़ घंटे बाद यार्ड रूट बहाल कर दिया गया।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन यह बड़ी चूक मानी जा रही है और इसकी जांच के आदेश दे दिए गए हैं।




