
- वरिष्ठ संवाददाता: राजीव आनन्द
लखनऊ: किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) में एक बार फिर लिफ्ट फंसने की घटना सामने आई है। न्यू ओपीडी ब्लॉक की लिफ्ट दूसरी मंजिल पर अचानक रुक गई, जिससे लिफ्ट के अंदर मौजूद लोग घबरा गए और अफरा-तफरी मच गई।
घटना के दौरान लिफ्ट में फंसे लोगों ने मदद के लिए आवाज़ लगाई और कुछ लोगों ने अंदर से वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल भी कर दिया। गनीमत रही कि कुछ देर बाद लिफ्ट को फिर से चालू कर दिया गया और सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल आए। बाहर आकर सभी ने राहत की सांस ली।

गौरतलब है कि केजीएमयू में लिफ्ट फंसने की यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कई बार ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन संबंधित विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
लोगों का कहना है कि अगर समय रहते इस पर ध्यान नहीं दिया गया, तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है। क्या प्रशासन किसी गंभीर दुर्घटना का इंतजार कर रहा है? अब देखना होगा कि इस बार विभाग जागता है या फिर अगली घटना तक इंतज़ार किया जाएगा।





