
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
लखनऊ के सदर तहसील में तैनात लेखपाल आनंद श्रीवास्तव पर दबंगों ने बेरहमी से हमला कर दिया। सीतापुर जिले के रोरापुर गांव निवासी आनंद श्रीवास्तव रविवार को अपने भाई सौरभ श्रीवास्तव और सहयोगी विनय कुमार वाजपेयी के साथ ग्राम गजराहार व छैला की सीमा पर एग्री स्टैग क्रॉप सर्वे करने पहुंचे थे। इसी दौरान छैला गांव के भूरिया, रेहान, फुरखान समेत कई दबंगों ने टीम पर लाठी-डंडों से हमला बोल दिया।
आरोपियों ने सरकारी कागजात फाड़ दिए और सौरभ श्रीवास्तव को तालाब में डुबोकर हत्या का प्रयास किया। भाई को बचाने पहुंचे आनंद श्रीवास्तव को भी लात-घूसों से पीटा गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। हमलावरों ने हवाई फायरिंग भी की और मौके से फरार हो गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें हमले की भयावहता साफ झलक रही है।
लेखपाल आनंद श्रीवास्तव ने बताया कि जब उन्होंने खुद को सरकारी कर्मचारी बताकर सर्वे की जानकारी दी, तो दबंग भड़क गए और अभद्रता शुरू कर दी। इस घटना से सरकारी अधिकारियों में दहशत फैल गई है। पीड़ित पक्ष ने मड़ियांव थाने में शिकायत दर्ज कराई है और दबंग आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। अब प्रशासन की प्रतिक्रिया पर सबकी नजरें टिकी हैं कि क्या योगी सरकार का ‘बुलडोजर एक्शन’ इस मामले में दिखेगा।



