
- वरिष्ठ संवाददाता: राजीव आनन्द
लखनऊ: भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। महानगर थाना क्षेत्र की पेपरमिल चौकी में तैनात दरोगा धनंजय सिंह को दो लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया।
सूत्रों के मुताबिक, पीड़ित ने दरोगा पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाते हुए एंटी करप्शन विभाग में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत की जांच के बाद टीम ने जाल बिछाया और गुरुवार को पेपरमिल चौकी में अचानक छापा मार दिया।
छापेमारी के दौरान जैसे ही दरोगा ने रिश्वत की रकम ली, एंटी करप्शन टीम ने मौके पर ही उसे दबोच लिया। इस कार्रवाई से चौकी में अफरातफरी मच गई।
फिलहाल, एंटी करप्शन की टीम गिरफ्तार दरोगा धनंजय सिंह से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
विभागीय सूत्रों के अनुसार, जल्द ही आरोपी दरोगा के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत केस दर्ज किया जाएगा।



