
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
लखनऊ: हुसैनगंज किला पुलिस ने दोपहिया वाहन चालकों के खिलाफ बिना हेलमेट गाड़ी चलाने पर सख्त कार्रवाई की। पुलिस ने हनुमान मंदिर चौराहे पर एक विशेष अभियान चलाकर बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों का चालान काटा और उन्हें हेलमेट पहनने की नसीहत दी।
हुसैनगंज किला चौकी प्रभारी सुनील मौर्य के नेतृत्व में सिपाही बृजेश यादव, कुशल तोमर और उपनिरीक्षक संदीप तिवारी ने इस अभियान में हिस्सा लिया। पुलिस ने न केवल चालान काटे, बल्कि दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने के फायदे भी बताए। चौकी प्रभारी सुनील मौर्य ने कहा, “हेलमेट पहनने से न केवल नियमों का पालन होता है, बल्कि दुर्घटना में आपकी जान भी बच सकती है।”
इसके साथ ही, हनुमान मंदिर चौराहे पर आए दिन लगने वाले जाम को नियंत्रित करने के लिए किला चौकी पुलिस ने मुस्तैदी दिखाई और चौराहे पर ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू रखा। पुलिस ने सभी दोपहिया वाहन चालकों से अपील की कि वे हमेशा हेलमेट पहनकर ही गाड़ी चलाएं।



