
- वरिष्ठ संवाददाता: राजीव आनन्द
लखनऊ। राजधानी के दुबग्गा क्षेत्र स्थित नौबस्ता रेलवे ओवरब्रिज पर मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब एक स्कूल वैन (नंबर: UP32 FN 0283) और बाइक (नंबर: UP32 PZ 4771) की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि वैन में सवार कुछ बच्चों को हल्की चोटें आईं।
पुलिस ने बताया कि दोनों वाहन ओवरब्रिज पर विपरीत दिशा से आ रहे थे। अचानक स्कूल वैन का संतुलन बिगड़ा और वह बाइक से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसके परखच्चे उड़ गए।
घायल बाइक सवारों की पहचान रंजीत कुमार और सत्यम के रूप में हुई है। दोनों को गंभीर हालत में तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

वैन में सवार कुछ स्कूली बच्चों को मामूली चोटें आईं। मौके पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों ने बच्चों को तत्काल प्राथमिक उपचार दिया। सभी बच्चे खतरे से बाहर हैं।
पुलिस ने स्कूल वैन चालक को मौके से ही हिरासत में ले लिया है। दुबग्गा थाना प्रभारी ने बताया कि लापरवाही से वाहन चलाने और दुर्घटना के कारण चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की गहन जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
हादसे के बाद ओवरब्रिज पर कुछ देर तक यातायात बाधित रहा, जिसे बाद में सुचारु कराया गया।




