
- वरिष्ठ संवाददाता: राजीव आनन्द
लखनऊ: मातृत्व सेवा संस्थान ने बंगला बाज़ार बगिया, भदरुख शारदानगर स्थित विधवा आश्रम, वृद्धा आश्रम, अनाथ आश्रम और आंगनवाड़ी केंद्रों के पास कुछ अज्ञात लोगों द्वारा की जा रही दबंगई को लेकर चिंता जताई है।
संस्थान की सदस्य नीलम गुप्ता ने बताया कि कुछ अज्ञात युवक रोज़ शाम को आश्रम के पास शराब पीते हैं, गाली-गलौज करते हैं और माहौल को अशांत करते हैं, जिससे वहां रह रहे बुजुर्गों, विधवाओं और बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इस स्थिति से परेशान होकर संस्थान की सचिव श्रीमती वर्तिका पांडेय, आशा देवी, सरिता सोनकर और सपनदीन सहित अन्य सदस्यों ने इस गुंडागर्दी का विरोध दर्ज कराया है और पुलिस प्रशासन से मांग की है कि इन अज्ञात तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
संस्थान का कहना है कि यदि जल्द कोई कदम नहीं उठाया गया, तो वे आगे जन आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे। स्थानीय लोगों ने भी संस्थान के इस कदम का समर्थन करते हुए प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की है।
प्रशासन से अपील है कि संवेदनशील स्थानों की सुरक्षा सुनिश्चित कर वहां रह रहे लोगों को भयमुक्त माहौल प्रदान किया जाए।





