
- वरिष्ठ संवाददाता: राजीव आनन्द
लखनऊ: राजधानी के आशियाना थाना क्षेत्र के सेक्टर-आई में उस वक्त अफरातफरी मच गई जब एक तेज रफ्तार कार ने गली में खड़े तीन बच्चों को रौंद दिया। यह दिल दहला देने वाली घटना गली में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है।
फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि तीन बच्चे साइकिल लेकर गली में खड़े होकर बातचीत कर रहे थे। तभी बगल की गली से आ रही एक कार अचानक तेज मोड़ लेते हुए उनकी गली में घुस जाती है और अनियंत्रित रफ्तार में बच्चों की ओर बढ़ जाती है।
कार की चपेट में आकर एक बच्चा कार के दाहिने टायर के नीचे दब जाता है, जबकि दूसरा बच्चा टक्कर लगने के बाद दीवार से टकरा जाता है। तीसरा बच्चा बाल-बाल बचता है। टायर के नीचे दबा बच्चा जैसे ही कार हटती है, लंगड़ाते हुए खुद को संभालते हुए घर की ओर जाता है।
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने घायल बच्चों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और कार चालक की तलाश की जा रही है।
आशियाना सेक्टर-आई की यह घटना बच्चों की सुरक्षा को लेकर एक गंभीर सवाल खड़ा करती है, खासकर तंग गलियों में लापरवाही से गाड़ी चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जरूरत महसूस की जा रही है।





