
- वरिष्ठ संवाददाता: राजीव आनन्द
लखनऊ: लखनऊ कमिश्नरेट के गाजीपुर थाने की पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने सर्विलांस टीम और पूर्वी क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम के साथ मिलकर दो कुख्यात चेन स्नैचरों को धर-दबोचा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिवम सिंह और पिंटू यादव के रूप में हुई है। दोनों के पास से छिनैती का माल भी बरामद कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी शिवम सिंह पर आधा दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। हाल ही में इंदिरानगर क्षेत्र में हुई एक बड़ी चेन छिनैती की घटना को भी इन्हीं दोनों बदमाशों ने अंजाम दिया था। उसी वारदात की तलाश में गाजीपुर पुलिस लगातार दबिश दे रही थी।
मुखबिर की सूचना पर पता चला कि दोनों आरोपी छिनैती का माल ठिकाने लगाने लखनऊ आए हैं। इसी आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को दबोच लिया।
मामले की जानकारी देते हुए डीसीपी पूर्वी शशांक सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान एडीसीपी पूर्वी अमित कुमावत और एसीपी गाजीपुर अनिध्य विक्रम सिंह भी मौजूद रहे।
पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपी लखनऊ में लगातार चेन स्नैचिंग की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। इनकी गिरफ्तारी से क्षेत्र में छिनैती की कई वारदातों का खुलासा होने की संभावना है।
रिपोर्ट: विवेक प्रताप सिंह, संवाददाता
स्वतंत्र भारत राष्ट्रीय हिंदी दैनिक, लखनऊ
(अध्यक्ष – जर्नलिस्ट प्रोटेक्शन एसोसियेशन उत्तर प्रदेश)




