
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
लखनऊ, 9 जुलाई 2025। राजधानी लखनऊ के सरोजनी नगर क्षेत्र स्थित शांति नगर कॉलोनी के पास एक खुला और टूटा हुआ नाला इन दिनों स्थानीय लोगों के लिए गंभीर खतरा बना हुआ है। कानपुर रोड किनारे स्थित यह नाला पिछले तीन महीनों से टूटा पड़ा है, लेकिन संबंधित निर्माण एजेंसी पीएनसी (PNC) की ओर से अब तक इसकी कोई स्थायी मरम्मत नहीं कराई गई है।
जानकारी के मुताबिक, यह नाला करीब 5 फीट गहरा है और यह स्थान लखनऊ से कानपुर की ओर जाने वाली रोड पर एयरपोर्ट रनवे पार करने के तुरंत बाद, शांति नगर कॉलोनी के पहले मोड़ पर स्थित है। नाले की स्लैब पूरी तरह टूट चुकी है, जिससे हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि पीएनसी के कर्मचारियों ने कुछ समय पहले नाले को एक पुरानी चटाई से ढकने की कोशिश की थी, लेकिन वह चटाई भी जल्द ही हट गई या गायब हो गई। उसके बाद से यह नाला खुले रूप में छोड़ दिया गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने कई बार पीएनसी अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। नाले के किनारे से रोज़ाना बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं गुजरती हैं, जिससे हादसे का खतरा लगातार मंडरा रहा है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कुछ नागरिकों ने सोशल मीडिया पर भी इस मुद्दे को उठाया, लेकिन अधिकारियों पर इसका भी कोई असर नहीं पड़ा। कॉलोनीवासियों ने अब जल्द से जल्द स्थायी मरम्मत की मांग की है और चेतावनी दी है कि यदि कार्रवाई नहीं की गई तो वे प्रदर्शन का रास्ता अपना सकते हैं।
यह न सिर्फ लापरवाही का मामला है, बल्कि आम जनता की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ भी है। अब देखना यह है कि पीएनसी और नगर प्रशासन इस गंभीर समस्या पर कब तक जागता है।





