
- वरिष्ठ संवाददाता: राजीव आनन्द
लखनऊ। राजधानी के हजरतगंज स्थित अटल चौक पर बुधवार को दिव्यांग महागठबंधन उत्तर प्रदेश से जुड़े 50 से अधिक दिव्यांग महिलाएं व पुरुष जोरदार प्रदर्शन कर रहे हैं। अपनी 27 सूत्रीय मांगों को लेकर धरने पर बैठे इन दिव्यांगजनों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम ज्ञापन तैयार किया है।
दिव्यांग महागठबंधन यूपी के महासचिव वीरेंद्र कुमार ने बताया कि उनकी प्रमुख मांगें हैं:
- दिव्यांगों को नौकरी, रोजगार, स्वास्थ्य, सुरक्षा, रोटी, कपड़ा और मकान की 100% गारंटी देने वाला सामाजिक समानता कानून बनाया जाए।
- दिव्यांग पेंशन को बढ़ाकर 5,000 रुपये प्रतिमाह किया जाए।
- लेखपाल और मुख्य सेविका भर्ती में दिव्यांग अभ्यर्थियों के साथ हुए अन्याय को दूर किया जाए।
- UPSSSC की गलती की वजह से जिन दिव्यांग अभ्यर्थियों को नौकरी से वंचित किया गया, उन्हें तुरंत नियुक्ति दी जाए।
- लेखपाल के खाली पड़े 188 और मुख्य सेविका के 31 पद दिव्यांग कोटे में वापस दिए जाएं।
- दिव्यांग युवाओं में बढ़ती आत्महत्या की प्रवृत्ति को रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।
वीरेंद्र कुमार ने कहा, “बच्चों ने कोई गलती नहीं की, सारी गलती UPSSSC की है। फिर भी हमारे नौजवानों को नौकरी से वंचित रखा जा रहा है। कई युवा तनाव में आत्महत्या कर रहे हैं। सरकार को चाहिए कि तुरंत हस्तक्षेप कर इन सभी को न्याय दे।”
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांगें जल्द पूरी नहीं हुईं तो वे अनिश्चितकालीन धरना और भूख हड़ताल शुरू कर देंगे। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा।




