
-जिला विद्यालय निरीक्षक लखनऊ की मनमानी से बोर्ड परीक्षा की निष्पक्षता खतरे में, शिक्षा विभाग मौन।
- वरिष्ठ संवाददाता: राजीव आनन्द
लखनऊ। राजधानी में संचालित बोर्ड परीक्षाओं के बीच परीक्षा प्रबंधन को लेकर गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। आम आदमी पार्टी के शिक्षक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र सिंह ने आरोप लगाया है, कि लखनऊ के जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) कार्यालय द्वारा स्थापित नियमों की अनदेखी कर विषय अध्यापकों से ही संबंधित विषय की बोर्ड परीक्षा में ड्यूटी कराई जा रही है।
उन्होंने कहा कि स्पष्ट दिशा-निर्देशों के अनुसार जिस विषय की परीक्षा आयोजित हो, उस विषय का शिक्षक से विद्यालय में ड्यूटी नहीं कराई जा सकती है। इसके बावजूद कई परीक्षा केंद्रों पर इस नियम का उल्लंघन किया जा रहा है, जिससे परीक्षा की गोपनीयता और निष्पक्षता पर गंभीर प्रश्नचिह्न लग गया है।
महेंद्र सिंह ने कहा,यदि नियमों को ही दरकिनार कर परीक्षा कराई जाएगी तो पारदर्शिता कैसे सुनिश्चित होगी? यह न केवल प्रशासनिक लापरवाही है, बल्कि परीक्षा की साख को कमजोर करने वाला कदम है।
जनपद के बप्पा वोकेशनल गर्ल्स इंटर कॉलेज, मोतीलाल इंटर कॉलेज, आर्य कन्या इंटर कॉलेज, एमकेसडी, विद्यांत इंटर कॉलेज, सेंटिनल इंटर कॉलेज, गुरुनानक गर्ल्स इंटर कॉलेज सहित अधिकाश परीक्षा केंद्रों पर कक्ष निरीक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित न होने से परीक्षा संचालन में गंभीर कठिनाइयाँ उत्पन्न हो रही हैं। केंद्र व्यवस्थापक द्वारा संबंधित अधिकारियों से लगातार दूरभाष के माध्यम से संपर्क कर कक्ष निरीक्षकों की तत्काल उपलब्धता की मांग की जा रही है, किंतु अब तक आवश्यक संख्या में कक्ष निरीक्षक उपलब्ध नहीं कराए गए हैं।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जिला विद्यालय निरीक्षक की मनमानी के कारण शिक्षकों में असंतोष व्याप्त है, जबकि शिक्षा विभाग इस पूरे मामले में मौन साधे हुए है।
संवेदनहीनता की पराकाष्ठा:
महेंद्र सिंह ने कहा कि बोर्ड परीक्षा के 6 दिन बीत जाने के बाद भी रामाधीन सिंह इंटर कॉलेज में पढ़ाने वाले शिक्षक जिनकी हाल ही में हार्ट सर्जरी हुई उनकी ड्यूटी में अभी तक संशोधन नहीं किया है जिन्हें चिकित्सकों द्वारा पूर्ण विश्राम की सलाह दी गई है, उनकी ड्यूटी घर से लगभग 50 किलोमीटर दूर परीक्षा केंद्र पर लगा दी गई। पार्टी ने इसे प्रशासनिक संवेदनहीनता का उदाहरण बताते हुए सवाल उठाया है कि क्या DIOS कार्यालय किसी अनहोनी का इंतजार कर रहा है ?
महेंद्र सिंह ने स्पष्ट कहा कि यदि शिक्षक के स्वास्थ्य के साथ कोई अप्रिय घटना घटती है, तो उसकी पूर्ण जिम्मेदारी संबंधित प्रशासन और DIOS कार्यालय की होगी।
मांगें:
–विषय अध्यापकों से संबंधित विषय की परीक्षा में ड्यूटी कराने पर तत्काल रोक लगाई जाए।
–गंभीर रूप से अस्वस्थ शिक्षक की ड्यूटी तुरंत नजदीकी परीक्षा केंद्र पर स्थानांतरित की जाए।
–अन्यथा आम आदमी पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने को बाध्य होगी।


