
- वरिष्ठ संवाददाता: राजीव आनन्द
लखनऊ : राजधानी के चिनहट थाना क्षेत्र में प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस की सख्ती के बावजूद ई-रिक्शा चालकों ने नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ा रखी हैं। चिनहट तिराहे पर राष्ट्रीय राजमार्ग के ठीक बीचों-बीच 10-15 ई-रिक्शा लाइन से खड़े कर चालक आराम फरमा रहे हैं, लेकिन देखने वाला कोई नहीं।
कस्बा चौकी इलाके में स्थित इस व्यस्त चौराहे पर ट्रैफिक पुलिस बूथ मौजूद है। स्थानीय थाना और चौकी की फोर्स भी तैनात रहती है। फिर भी ई-रिक्शा चालक बेपरवाह होकर सड़क के बीच वाहन पार्क कर यातायात में बाधा डाल रहे हैं। इससे वाहन चालकों को जाम का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह रोज की समस्या बन चुकी है। प्रशासन की नाक के नीचे हो रही इस अव्यवस्था पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही। यातायात पुलिस की मौजूदगी के बावजूद चालकों में कोई खौफ नहीं है।
प्रशासन से मांग उठ रही है कि ई-रिक्शा चालकों पर सख्ती बरती जाए और निर्धारित पार्किंग स्थलों का पालन कराया जाए, ताकि सड़कें सुरक्षित और सुगम रहें।




