
- रिपोर्ट : राजीव आनन्द
लखनऊ।प्रदेश में चर्चित कफ सिरप कांड को लेकर नई मांग उठी है। आजाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर ने यूपी के डीजीपी को पत्र भेजकर इस मामले में जौनपुर के अमित सिंह टाटा की भूमिका की विस्तृत जांच कराने की मांग की है।
अपने पत्र में अमिताभ ठाकुर ने कहा है कि कफ सिरप मामले के मुख्य आरोपी शुभम जायसवाल के पीछे लगातार अमित सिंह टाटा के सहयोग और संलिप्तता की बात सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि अमित सिंह टाटा पहले जौनपुर के कुख्यात अपराधी मुन्ना बजरंगी के साथ जुड़े रहे थे और उसकी हत्या के बाद एक अन्य बाहुबली के संपर्क में रहने की चर्चा है।
इस बीच एक वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें शुभम जायसवाल और अमित सिंह टाटा कुछ लोगों को बंधक बनाकर पीटते दिखाई दे रहे हैं। यह घटना गंभीर आपराधिक श्रेणी में आती है और कानून-व्यवस्था को चुनौती देती है।
अमिताभ ठाकुर ने डीजीपी से मांग की है कि वायरल वीडियो में दिख रहे आपराधिक कृत्यों का संज्ञान लिया जाए और कफ सिरप प्रकरण में शुभम जायसवाल के साथ अमित सिंह टाटा की संभावित भूमिका की भी गहन जांच कराई जाए।
मामला लगातार सुर्खियों में बना हुआ है और अब पुलिस पर निष्पक्ष जांच का दबाव बढ़ गया है।




