
- वरिष्ठ संवाददाता: राजीव आनन्द
लखनऊ: देश के रक्षा मंत्री और लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह 12 जुलाई, शनिवार को अपने दो दिवसीय लखनऊ प्रवास पर पहुंचेंगे। उनके प्रवास के दौरान शहर में कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
बीजेपी कार्यकर्ताओं से संवाद से होगी शुरुआत
महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने जानकारी दी कि रक्षामंत्री शनिवार पूर्वाह्न 11 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पर पहुंचेंगे। वहां से सीधे ऐशबाग स्थित रामलीला मैदान जाएंगे, जहां भाजपा कार्यकर्ताओं और प्रबुद्ध नागरिकों से संवाद कार्यक्रम में भाग लेंगे।
पूर्व एमएलसी से मुलाकात और मंदिर उद्घाटन
इसके बाद दोपहर 12:45 बजे वह केजीएमयू पहुंचेंगे, जहां गांधी वार्ड में भर्ती पूर्व एमएलसी विंध्यवासिनी कुमार का हालचाल जानेंगे। इसके उपरांत वह पार्षद नागेंद्र सिंह के हजरतगंज स्थित आवास पर जाएंगे।
शाम 4 बजे वह चौक स्थित श्री कालीजी मंदिर परिसर में नवनिर्मित ब्लॉक का उद्घाटन करेंगे।
शाम 5:30 बजे निरालानगर स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में आयोजित गुरु दक्षिणा कार्यक्रम में शामिल होंगे।
रविवार को भी रहेगा व्यस्त कार्यक्रम
रविवार 13 जुलाई को रक्षामंत्री पूर्वाह्न 11:30 बजे राजाजीपुरम में व्यापारी नेता संदीप बंसल और फिर ऐशबाग में विद्यासागर गुप्ता के आवास पर मुलाकात करेंगे।
दोपहर 12 बजे वह नेशनल पीजी कॉलेज पहुंचेंगे, जहां पूर्व मुख्यमंत्री चंद्रभानु गुप्ता की प्रतिमा का अनावरण करेंगे और उनके नाम का डाक टिकट जारी करेंगे।
दिल्ली रवाना होंगे दोपहर 1:30 बजे
सभी कार्यक्रमों के उपरांत रक्षामंत्री दोपहर 1 बजे लखनऊ एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
इस दौरान शहर में सुरक्षा व्यवस्था और यातायात संचालन को लेकर भी प्रशासन अलर्ट मोड में है।





