
रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
लखनऊ। दक्षिण क्षेत्र के पुलिस उपायुक्त (DCP) निपुण अग्रवाल ने शनिवार को राजधानी स्थित PGI थाने का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाने की व्यवस्थाओं, महिला हेल्प डेस्क, रजिस्टरों और मालखाने की गहन जांच की।
DCP निपुण अग्रवाल ने थाने में लंबित शिकायतों की समीक्षा की और थाना प्रभारी को निर्देश दिया कि सभी शिकायतों का शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। उन्होंने महिला हेल्प डेस्क की स्थिति पर विशेष ध्यान देते हुए वहां तैनात महिला पुलिसकर्मियों से बातचीत की और आवश्यक सुधारों के निर्देश दिए।
मालखाने में रखे गए सामानों की भी सूची का मिलान किया गया और रिकॉर्ड की पारदर्शिता सुनिश्चित करने को कहा गया।
DCP ने साफ तौर पर कहा कि थानों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जनता को समय पर न्याय दिलाना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
निरीक्षण के दौरान थाने के अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।





