
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
लखनऊ नगर निगम के जोन-8 से एक शर्मनाक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने आई गरीब महिलाओं से कर्मचारी जबरन पैसे वसूलते नजर आ रहे हैं। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक महिला कर्मचारी से कह रही है कि उसके पास फिलहाल पैसे नहीं हैं और वह बाद में दे देगी, लेकिन कर्मचारी उसकी बात को नजरअंदाज करते हुए तुरंत पैसे देने का दबाव बनाता रहा।
इस खुलासे के बाद नगर निगम में हड़कंप मच गया है। लोगों में भारी आक्रोश है और दोषी कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है। शहरवासियों का कहना है कि गरीब और जरूरतमंद लोगों का इस तरह शोषण अब और बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अब एक बार फिर नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं —
आख़िर कब रुकेगा भ्रष्टाचार?
क्या गरीबों को इंसाफ मिलेगा या यह मामला भी दबा दिया जाएगा?
प्रशासन पर दबाव है कि वह न केवल दोषियों को सस्पेंड करे, बल्कि सिस्टम में पारदर्शिता भी सुनिश्चित करे ताकि आगे ऐसी घटनाएं दोहराई न जाएं।





