
- वरिष्ठ संवाददाता: राजीव आनन्द
लखनऊ: चकबंदी यूनियन के अध्यक्ष राजकुमार सिंह की मौत संदिग्ध हालात में गोली लगने से हो गई है। यह घटना लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। गोली लगने के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है, जिससे पूरे मामले को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम के साथ भारी पुलिस बल तैनात है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं।

राजकुमार सिंह चकबंदी विभाग में कई वर्षों से निर्विरोध अध्यक्ष के रूप में कार्यरत थे और प्रशासनिक व राजनीतिक गलियारों में उनकी गहरी पकड़ मानी जाती थी। वे कई बड़े नेताओं और वरिष्ठ अधिकारियों के निजी ज्योतिषाचार्य भी रहे हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही पूर्व सांसद धनंजय सिंह भी मौके पर पहुंचे। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है ताकि मौत के कारणों का सही खुलासा हो सके।





