
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
लखनऊ: मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) ने शुक्रवार को सदर स्थित टीबी इकाई का दौरा कर निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने लैब असिस्टेंट और सीनियर ट्रीटमेंट सुपरवाइजर (STS) से बातचीत की और उपलब्ध जांच सुविधाओं और उपकरणों की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने स्पष्ट निर्देश दिए कि टीबी उन्मूलन सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि शहर में टीबी स्क्रीनिंग अभियान चलाया जा रहा है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की कोताही नहीं होनी चाहिए।
सीएमओ ने कहा कि दिशा-निर्देशों के अनुसार संभावित टीबी रोगियों की पहचान कर, उनकी समय पर जांच कराई जाए और पॉजिटिव पाए जाने पर तुरंत उपचार शुरू किया जाए। इसके साथ ही, उन्होंने टीबी के लक्षण, जांच और इलाज के बारे में जनजागरूकता फैलाने और प्रचार-प्रसार बढ़ाने पर जोर दिया।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि टीबी की जांच और इलाज पूरी तरह निःशुल्क है। साथ ही, निक्षय पोषण योजना के तहत टीबी मरीजों को हर महीने 1000 रुपये की पोषण सहायता दी जाती है। इसके अतिरिक्त, निक्षय मित्र योजना के तहत समाज के जागरूक लोग टीबी मरीजों को गोद लेकर उन्हें पोषणात्मक और भावनात्मक सहयोग दे रहे हैं।
सीएमओ ने क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों से भी आग्रह किया कि वे निक्षय मित्र बनने के लिए आगे आएं और समाज के इस कार्य में भागीदारी निभाएं।




