
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार रात कानून-व्यवस्था को लेकर उच्च स्तरीय बैठक की। बैठक में आगामी कांवड़ यात्रा, मोहर्रम और रथ यात्रा जैसे प्रमुख पर्वों को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि त्योहारों के दौरान उल्लास बना रहना चाहिए, लेकिन किसी भी तरह की शरारत या अराजकता को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि भड़काऊ नारेबाजी, हथियारों का प्रदर्शन और सामाजिक तनाव फैलाने की कोशिशें करने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई हो।
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से कौशांबी, इटावा और औरैया की हाल की घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि जातीय संघर्ष फैलाने की साजिशें रची जा रही हैं, जिन्हें बेनकाब करना होगा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि अराजक तत्वों को चिह्नित कर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
मुख्यमंत्री के निर्देशों में यह भी शामिल रहा कि:
- कांवड़ यात्रा मार्ग पर खुले में मांस बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित हो।
- मोहर्रम के जुलूसों में सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ सामुदायिक संवाद को प्राथमिकता दी जाए।
- जनहित सर्वोपरि है, इसलिए प्रशासन को अपनी कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और प्रभावशीलता लानी होगी।
सीएम योगी ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि हर जिले में शांति समिति की बैठकें समय से आयोजित की जाएं, और खुफिया तंत्र को सतर्क रखा जाए ताकि किसी भी संभावित गड़बड़ी को समय रहते रोका जा सके।





