
वरिष्ठ संवाददाता: राजीव आनन्द
लखनऊ: चिनहट पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए कुख्यात टोपी मास्क गैंग के सरगना और उसके साथियों को गिरफ्तार कर लिया है। इंस्पेक्टर चिनहट दिनेश चंद्र मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले शातिर चोरों के गिरोह का पर्दाफाश हुआ।
पुलिस ने गैंग के सरगना अमित रस्तोगी के साथ-साथ उसके दो अन्य सदस्यों, अभिनंदन और नरसिंह, को धर दबोचा। इनके कब्जे से भारी मात्रा में चोरी का सामान बरामद किया गया है। यह गिरोह लखनऊ और आसपास के इलाकों में टोपी और मास्क पहनकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था, जिससे स्थानीय लोग दहशत में थे।
इंस्पेक्टर दिनेश चंद्र मिश्र ने बताया कि गुप्त सूचना और लगातार निगरानी के आधार पर इस गैंग का सुराग मिला। इसके बाद पुलिस ने जाल बिछाकर इन अपराधियों को गिरफ्तार किया। बरामद सामान में नकदी, आभूषण और अन्य कीमती वस्तुएं शामिल हैं, जो विभिन्न चोरी की वारदातों से जुड़ी हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और उनसे पूछताछ जारी है ताकि इस गैंग के अन्य संभावित सदस्यों और चोरी की अन्य घटनाओं का खुलासा हो सके। इस कार्रवाई से स्थानीय निवासियों ने राहत की सांस ली है और चिनहट पुलिस की तारीफ की है।





