
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
लखनऊ। राजधानी में प्रतिबंध के बावजूद चाइनीज मांझा का खतरनाक इस्तेमाल थमने का नाम नहीं ले रहा है। मुख्यमंत्री Yogi Adityanath के सख्त निर्देशों के बावजूद शहर में यह जानलेवा मांझा लोगों की जिंदगी पर भारी पड़ रहा है।
ताजा मामला थाना हुसैनगंज क्षेत्र का है। शेर वाली कोठी के पास रहने वाले 29 वर्षीय मोहम्मद मुशर्रफ अपनी पत्नी और छोटी बच्ची के साथ बाइक से हुसैनगंज से ऐशबाग की ओर फ्लाईओवर से जा रहे थे। इसी दौरान अचानक हवा में लटक रहा चाइनीज मांझा उनके सामने आ गया और वह उसमें उलझ गए।
मांझा सीधे मुशर्रफ की गर्दन में लग गया। अचानक ब्रेक लगाने से बाइक फिसल गई और वह सड़क पर गिर पड़े। हादसे में मुशर्रफ की गर्दन पर गंभीर चोट आई, जबकि उनकी पत्नी को भी चोटें आई हैं।
स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। राजधानी में लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों के बाद भी चाइनीज मांझा की बिक्री और इस्तेमाल पर प्रभावी रोक नहीं लग पा रही है, जिससे आम नागरिकों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं।




