
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
लखनऊ: लखनऊ हाईकोर्ट में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक महिला की याचिका पर बड़ा खुलासा हुआ है कि कोर्ट परिसर के एक वकील चैंबर में जबरन शादी कराई गई थी। याचिकाकर्ता महिला ने यह भी आरोप लगाया कि शादी के बाद से उसे मानसिक प्रताड़ना दी जा रही है।
हाईकोर्ट की सख्ती के बाद इस मामले में वजीरगंज पुलिस ने जांच तेज की और चौंकाने वाले साक्ष्य कोर्ट में पेश किए। चेंबर संख्या G.O.-31 को फूलों से सजाया गया था, शादी का मंच बनाया गया और बारात जैसी थीम के सबूत भी मिले हैं।
कोर्ट के निर्देश पर चेंबर को तत्काल सील कर दिया गया है और इसे अवैध विवाह स्थल घोषित करते हुए ताला लगा दिया गया है। साथ ही, दो अधिवक्ताओं के खिलाफ आपराधिक कार्रवाई के आदेश भी दिए गए हैं।

हाईकोर्ट ने सख्त संदेश दिया है कि कोर्ट परिसर में अब अवैध कब्जे और गैरकानूनी गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस कार्रवाई के दौरान कोर्ट परिसर में भारी पुलिस बल तैनात रहा और सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम किए गए थे।





